
मध्य प्रदेश में आज कुख्यात वांटेड डकैत गुड्डा गुर्जर को पुलिस ने पकड़ लिया है। डाकू गुड्डा पर 60 हजार रुपए का इनाम था। गुड्डा के आतंक के किस्से पूरे राज्य में फैल गए थे। सीएम शिवराज सिंह चौहान के सख्त आदेश के बाद इस मामले में पुलिस ने फुर्ती दिखाई। डकैत गुड्डा को पकड़ने के दौरान उसके पैर में गोली लग गई। उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
कैसे पकड़ा गया?
ग्वालियर के एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि उनकी टीम लगातार डकैत गुड्डा के गैंग का पीछा कर रही थी। वह जैसे ही श्योपुर के रास्ते भंवरपुरा के जंगल में दाखिल हुआ वैसे ही ग्वालियर पुलिस की टीम से उसका सामना हो गया। दोनो तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई । पुलिस की एक गोली उसके पांव में लगी और वह लहू लुहान हो गया। इस बीच उसके साथी भाग निकले। पुलिस डाकू गुड्डा को पकड़ने में कामयाब रही।
शिवराज ने जताई थी नाराजगी
सीएम शिवराज सिंह ने पिछले महीने एक बैठक में डकैत गुड्डा के आतंक पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने बोला था कि हमें चंबल में डकैत नहीं चाहिए। मुख्यमंत्री चौहान ने ने कहा था कि डाकू गुड्डा लोगों को परेशान कर रहा है। हमारे पास भी जानकारियां है। हमें चम्बल में डाकू नहीं चाहिए। इस बैठक में मुख्यमंत्री के तेवर काफी तल्ख दिखे थे।
सीएम की बैठक खत्म होते ही एडीजी चंबल राजेश चावला और एसपी ने बैठक की। इसके बाद पुलिस की कई टुकड़ियां पहाड़गंज के जंगलों की तरफ रवाना की गईं थीं। जहां गुड्डा गुर्जर गैंग का मूवमेंट था। बता दें कि गुड्डा गांव-गांव में लोगों से बंदूक की नोक पर पैसों की वसूली करता था। लोग उसके नाम से खौफ खाते थे। उसने कई लोगों का मर्डर भी किया है।
क्या कहा पुलिस ने?
IG ग्वालियर डी श्रीनिवास वर्मा ने कहा कि डकैत गुड्डा आज शाम में पकड़ा गया। उसके पैर में गोली लगी है, उसे हॉस्पिटल लाया गया है। गुड्डा पर टोटल इनाम 60 हजार रुपए हैं। गुड्डा पर कुल 30 अपराध के मामले दर्ज हैं।