
Delhi MCD Election Opinion Poll: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एमसीडी चुनाव के लिए बिगुल बज चुका है। गुजरात और हिमाचल चुनाव के बीच में एमसीडी के चुनाव होने वाले हैं। इसके लिए सभी दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बीजेपी और आम आदमी पार्टी एक-दूसरे पर हमलावर हैं। वहीं, कांग्रेस दिल्ली में अपनी खोयी हुई जमीन को वापस पाने के लिए मशक्कत कर रही है। इस बीच, एमसीडी चुनाव के लिए ओपिनियन पोल भी सामने आया है। सर्वे में बीजेपी को ज्यादा सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
एबीपी न्यूज-सीवोटर के सर्वे के अनुसार, एमसीडी चुनाव में बीजेपी को 118-138 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी के खाते में 104 से 124 सीटें आ सकती हैं। उधर, कांग्रेस का प्रदर्शन काफी खराब रहने का अनुमान जताया गया है। सर्वे में कांग्रेस को 4-12 सीटें तक मिलने की संभावना है। वहीं, 0-4 सीटें अन्य के खाते में जा सकती हैं। मालूम हो कि एमसीडी में कुल 250 सीटें हैं। सर्वे में बताया गया है कि बीजेपी को सबसे ज्यादा 42 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। इसके अलावा, आम आदमी पार्टी दूसरे नंबर पर हो सकती है। पार्टी को 40 फीसदी वोट मिल सकते हैं। कांग्रेस के खाते में सिर्फ 16 पर्सेंट और अन्य के पास 2 फीसदी वोट जा सकते हैं।
केंद्र सरकार द्वारा एमसीडी वार्डों के ‘परिसीमन’ के बाद एमसीडी में कुल वार्डों की संख्या 250 हो गई है, जिनमें से 42 को आरक्षित करने का निर्णय लिया गया है। दिल्ली में तीनों नगर निगमों के मर्जर के बाद यह पहला चुनाव होगा। पिछले 15 सालों से एमसीडी में बीजेपी का शासन है। इस दौरान कोई दूसरा दल यहां पैर जमाने में कामयाब नहीं हो सका है। 2017 के चुनाव में भाजप ने किसी भी सिटिंग पार्षद को टिकट ना देकर एक बड़ा दांव चला था, इसके चलते पार्टी एंटी इनकम्बेंसी का कोई नुकसान नहीं झेलना पड़ा था और उसे एक बड़ी जीत मिली थी। केंद्र सरकार ने इस साल संसद में एक कानून लाकर तीनों नगर निगमों का एकीकरण करते हुए दिल्ली नगर निगम नामक एक ही निगम बनाया था।
दिल्ली नगर निगम में चार दिसंबर को होगा मतदान
दिल्ली नगर निगम के 250 वार्ड के लिए 4 दिसंबर को मतदान होगा। कुल 50 फीसदी वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। आरक्षित वर्ग के 42 वार्ड में 21 सीट महिलाओं के लिए हैं, जबकि सामान्य वर्ग के 208 वार्ड में 104 महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। मतदान के बाद 7 दिसंबर को मतगणना होगी। दिल्ली में इस बार 22 वार्ड कम हो गए हैं। पिछली बार के 272 वार्ड के बजाय 250 वार्ड पर चुनाव होंगे।
चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी अहम तारीखें
7 नवंबर : अधिसूचना के साथ नामांकन शुरू होगा।
14 नवंबर : नामांकन करने की आखिरी तारीख।
16 नवंबर : नामांकन की स्क्रूटनी होगी।
19 नवंबर : उम्मीदवारों की फाइनल सूची जारी होगी।
4 दिसंबर : मतदान
7 दिसंबर : मतगणना